एका में हनुमान जयंती की शोभायात्रा में हुआ वितरण कार्यक्रम
समय भास्कर संवाददाता, एका। हनुमान जयंती के पावन पर्व पर आयोजित शोभायात्रा के दौरान धार्मिक शिक्षण देने वाली संस्था सनातन संस्कारशाला के तत्वावधान में निःशुल्क धार्मिक साहित्य वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। धर्म प्रसार और आध्यात्मिक जागृति के उद्देश्य से संस्कारशाला के कार्यकर्ताओं ने कस्बे में आए एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक पुस्तकें और सामग्री भेंट की।
वितरण सामग्री में मुख्य रूप से श्री हनुमान चालीसा, श्री दुर्गा चालीसा, श्री विंध्येश्वरी चालीसा के साथ ही समाज को जागरूक करने हेतु व्यसन मुक्ति अभियान से जुड़ी पुस्तकें एवं गायत्री मंत्र के स्टीकर शामिल रहे।
इस अवसर पर संस्कार शाला के अध्यक्ष याकेन्द्र जैन ने कहा, कि सनातन संस्कृति का मूल आधार हमारा धार्मिक साहित्य और संस्कार हैं। नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और समाज को व्यसन मुक्त बनाने के संकल्प के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि हर घर में हनुमान चालीसा का पाठ हो और लोग आध्यात्मिक शांति के साथ स्वस्थ जीवन जिएं।
संस्कारशाला के कार्यकर्ता शिवओम तिवारी बंटी के नेतृत्व में विकास वार्ष्णेय विक्की, दुर्गेश बघेल, मानवेंद्र बघेल एवं अन्य साथियों ने घर-घर पहुँचकर श्रद्धापूर्वक इस साहित्य का वितरण किया।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने धर्म रक्षा का संकल्प दोहराया।
