समय भास्कर संवाददाता, फिरोजाबाद

जनपद फिरोजाबाद में अवैध खनन का कारोबार लगातार बेलगाम होता जा रहा है। ताजा मामला थाना लाइनपार क्षेत्र का है, जहां खनन सामग्री से लदा एक ट्रैक्टर पुलिस बैरियर को तोड़ते हुए फरार हो गया। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल की रात पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय बैरियर में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। आशंका है कि ट्रैक्टर में अवैध खनन सामग्री लदी हुई थी।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान मोहनलाल पुत्र देवेन्द्र, निवासी बारेलाल की ठार, थाना लाइनपार के रूप में हुई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, लेकिन अभी तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर जिले में सक्रिय खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय अवैध खनन का कारोबार खुलेआम चलता है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है।प्रशासन के लिए यह घटना अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण की बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।


Share.
Exit mobile version