फिरोजाबाद। सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में जनपद प्रभारी एवं उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि फिरोजाबाद जिले ने विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है और हर सेक्टर में सकारात्मक परिवर्तन साफ नजर आ रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में सख्त कानून-व्यवस्था लागू होने से अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।

मंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और शहरी सुविधाओं के विस्तार से जिले का तेजी से विकास हुआ है। साथ ही मनरेगा, जल जीवन मिशन, आवास योजनाओं और रोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाया गया है। निवेश को लेकर भी सरकार सक्रिय रही है। बड़े एमओयू के जरिए उद्योगों को बढ़ावा मिला, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पर्यटन विकास, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं में भी व्यापक सुधार हुआ है। महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

योगेंद्र उपाध्याय ने दोहराया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में फिरोजाबाद को विकास का आदर्श मॉडल बनाया जाएगा।

 कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, जिलाधिकारी रमेश रंजन, सीडीओ शत्रोहन वैश्य, एडीएम वित्त एवं राजस्व विशु राजा, एडीएम नमामि गंगे मोहन लाल सहित कई अधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version