फिरोजाबाद। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसागंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में नामजद तीन आरोपियों की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अपराधियों में खौफ का माहौल बन गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चोब सिंह, भूरईया उर्फ कुलदीप और श्रीदयाल उर्फ शंकर दयाल की चल एवं अचल संपत्तियों को जब्त किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर हत्या, मारपीट, वसूली और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित की थी। इसी के तहत गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत करीब 96.63 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कुर्क की गई संपत्तियों में आवासीय प्लॉट और कृषि भूमि शामिल हैं, जो सिरसागंज क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी अनिवेश, थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह सहित राजस्व टीम और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

Share.
Exit mobile version