फिरोजाबाद, 9 जुलाई: उत्तर प्रदेश में चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान ने पूरे प्रदेश में जनसहभागिता का रूप ले लिया है। फिरोजाबाद जनपद में जिलाधिकारी रमेश रंजन के नेतृत्व में 41 लाख पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इनमें से 16 लाख पौधे वन विभाग द्वारा तथा 25 लाख अन्य विभागों द्वारा लगाए जा रहे हैं।
इस महाअभियान की शुरुआत आज जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह एवं जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण भवन प्रांगण में पौधारोपण कर की गई। उन्होंने ग्राम पंचायत रूपसपुर में पुनरोद्धार की गई सिरसा नदी के तटबंधों पर भी वृक्षारोपण किया, जहां कुल 2200 पौधे लगाए जा रहे हैं।नोडल अधिकारी व जिलाधिकारी ने इसके पश्चात रपड़ी पर्यटन केंद्र और ग्राम मटसेना में चल रहे वृक्षारोपण कार्यों का निरीक्षण किया। बाद में वे राज्य महिला आयोग की अध्यक्षता में यू0पी0एस0आई0डी0सी0 क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, और अन्य विभागों के अधिकारी व स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान ने अपने संबोधन में कहा, “हमें पौधों की सेवा उसी भावना से करनी चाहिए, जैसे मां अपने बच्चों की करती है।” बच्चों को उन्होंने संकल्प दिलाया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सिरसा नदी के पुनरोद्धार में वृक्षारोपण का विशेष महत्व है, और पौधों को संरक्षित करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि शासन की इस पहल से प्रदेश में एक प्रतिशत वन क्षेत्र में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि, “हम सभी संकल्पित हैं कि लगाए गए 41 लाख पौधों को संजो कर रखेंगे।”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को शुद्ध वायु और हरित वातावरण मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन पर पौधा लगाकर उसे जीवनभर संजोएं। कार्यक्रम का समापन यू0पी0एस0आई0डी0सी0 प्रांगण में वृक्षारोपण के साथ हुआ, जहां सभी विशिष्ट अतिथियों ने पौधे लगाए।
