फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा शनिवार को लेबर कॉलोनी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि, “6 जुलाई 1901 को जन्मे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रखर राष्ट्रवादी नेता थे, जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका विजन आज भी करोड़ों देशवासियों को प्रेरित करता है।”
भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक आधार स्तंभ थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का सपना देखा था जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने साकार किया।
महापौर कामिनी राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं को डॉ. मुखर्जी के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत रामलीला पार्क लेबर कॉलोनी में वृक्षारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव, राधेश्याम यादव, दीपक गुप्ता, आकाश गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, सत्यवीर गुप्ता, अनुपम शर्मा, के.के. गांधी, गौतम कुशवाहा, विशाल सक्सेना, विनोद पचौरी, बृजभूषण, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
