अक्षय मिश्रा
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद फिरोजाबाद को ₹658 करोड़ से अधिक की लागत वाली 81 ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं की भव्य सौगात दी है। सुहाग नगरी के नाम से विख्यात और सिद्ध संत बाबा नीम करौली की पावन जन्मस्थली से जुड़ी इस धरती पर आयोजित एक विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि फिरोजाबाद ने अपने हुनरमंद कारीगरों और श्रमिकों के अथक परिश्रम के बल पर ‘लोकल से ग्लोबल’ बनने की एक बेहद शानदार और गौरवमयी यात्रा तय की है।
टूंडला और शिकोहाबाद को मिला बड़ा हिस्सा
मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि आज जिन विकास परियोजनाओं की सौगात जनपद को मिली है, उनमें से ₹452 करोड़ की योजनाएं टूंडला विधानसभा और ₹206 करोड़ की योजनाएं शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की सराहना करते हुए कहा:
“जब जनता सही और कर्मठ जनप्रतिनिधि चुनती है, तो क्षेत्र में विकास की गति स्वतः दोगुनी हो जाती है। टूंडला के विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर की मेहनत के कारण ही आज यहाँ फ्लाईओवर, शानदार सड़कें और नए संस्थानों का निर्माण धरातल पर दिख रहा है। विकास और विरासत की यह प्रक्रिया अब अनवरत जारी रहेगी।”
फिरोजाबाद के ग्लास उद्योग ने चीन को पछाड़ा
मुख्यमंत्री ने जनपद के ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) यानी कांच उद्योग की वैश्विक सफलता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले होली, दीपावली और विजयादशमी जैसे बड़े त्योहारों पर चीनी उत्पाद भारतीय बाजारों पर हावी हो जाते थे। लेकिन जब फिरोजाबाद के उद्यमियों और कारीगरों ने नई तकनीक, आधुनिक डिजाइन और बाजार की मांग के अनुरूप काम करना शुरू किया, तो इसके बेहतरीन परिणाम सामने आए। आज यहाँ के कांच की सुंदर मूर्तियां और कलाकृतियां देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। अब यूपी का यह ग्लास उद्योग नवाचार का नया केंद्र बनकर चीन को पीछे छोड़ चुका है।
व्यापारियों को सहूलियत और ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ का नया दौर
पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और जमीनों पर कब्जों का माहौल था। व्यापारी और उद्योगपति प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मनमानी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से त्रस्त थे। हमारी सरकार ने आते ही व्यापारियों के लिए सुगम गैस आपूर्ति सुनिश्चित की और अब सोलर पैनल व बिजली से चलने वाली आधुनिक भट्टियों के माध्यम से उद्योगों को नई ऊंचाई दी जा रही है। उन्होंने कहा:
“अब हमारा उत्तर प्रदेश पूरी तरह माफिया, गुंडा और उपद्रव मुक्त हो चुका है। अब यूपी में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब कुछ है चंगा’। और जब सब चंगा होता है, तो प्रदेश में उपद्रव नहीं, बल्कि विकास के उत्सव मनाए जाते हैं।”
लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का अनावरण
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि भले ही लोकमाता का जन्म 300 वर्ष पूर्व महाराष्ट्र में हुआ था और वे इंदौर की महारानी थीं, लेकिन उनका कार्यक्षेत्र संपूर्ण भारत था। विदेशी आक्रांताओं द्वारा नष्ट किए गए सनातन धर्मस्थलों का पुनरुद्धार कर उन्होंने देश को एक नई चेतना दी थी। हमारी सरकार ने उनके सम्मान में औरैया मेडिकल कॉलेज का नामकरण भी लोकमाता के नाम पर किया है, जो हमारी समृद्ध विरासत के प्रति हमारी कृतज्ञता को दर्शाता है।
लाभार्थियों को बांटी चाभियां और चेक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके नए आशियाने की चाभियां सौंपी, तथा विभिन्न योजनाओं के पात्रों को प्रतीकात्मक चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए। मंच पर आने से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया, साथ ही महिलाओं की गोदभराई और नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, टूंडला विधायक प्रेम पाल सिंह धनगर, फिरोजाबाद विधायक मनीष असीजा, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, भारी संख्या में उद्यमी, कारीगर और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
