भारतीय स्वाभिमान फाउंडेशन ने क्षय रोग से पीड़ित बच्चों को लिया गोद, वितरित की पोषण किट
फ़िरोज़ाबाद। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए भारतीय स्वाभिमान फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जया शर्मा द्वारा पाँच क्षय रोग (टीबी) पीड़ित बच्चों को गोद लिया गया। इसी क्रम में समाजसेवी संस्था ‘चाइल्ड फंड इंडिया पेस दिशा’ के विभवनगर स्थित कार्यालय पर इन बच्चों को विशेष पोषण किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. जया शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ होना अनिवार्य है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि उनकी संस्था क्षय रोग से ग्रसित व्यक्तियों को चिन्हित कर सरकार के ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष यादव ने टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार की सक्रियता और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ही ‘टीबी हारेगा, भारत जीतेगा’ का नारा सार्थक सिद्ध होगा। वहीं, प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने समाज के जागरूक लोगों से ‘निक्षय मित्र’ बनकर रोगियों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
‘पेस दिशा’ के प्रोजेक्ट मैनेजर कासिम अली ने बताया कि उनकी संस्था सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ अपने स्तर पर भी सहायता कार्यक्रम संचालित कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान सचिन कुमार, विवेक कुमार, देवेंद्र कुमार, ऋषभ कुमार, राजकुमार, रोशन जहां, प्रभा आर्य, के.सी. श्रीवास्तव, विनीता, नीरू, हेमलता, मोना, गिरिजा, शैलजा, कमलकांत, शशिप्रभा और गुलशन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
