समय भास्कर,फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लगने से मौत हो गई। पुलिस मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है।रुधैनी निवासी 30 वर्षीय संध्या पत्नी मुन्नेश कि गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। उसकी मौत का पता चलते ही मायके वाले उसकी ससुराल पहुंचे।शव को देख वह लोग हैरत में पड़ गए। उन्होंने पुलिस को घटना के बारे में बताया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों तथा मायके वालों से पूछताछ की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई।

मृतका के चाचा अवधेश ने बताया संध्या के शरीर पर चोटों के निशान हैं। उन्होंने हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने बताया संध्या की शादी 12 वर्ष पूर्व हुई थी।ससुरालीजन किसी न किसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। उसका मायका थाना विछवा जनपद मैनपुरी क्षेत्र में है। संध्या के दो बच्चे हैं। पुलिस का कहना है शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर ही सच्चाई सामने आएगी। देर शाम तक मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

Share.
Exit mobile version