समय भास्कर मुंबई — बॉलीवुड का रोमांस एक बार फिर ताज़गी भरे अंदाज़ में बड़े पर्दे पर लौट रहा है। रोम-कॉम म्यूज़िकल फिल्म ‘मन्नू क्या करेगा?’ का ट्रेलर और म्यूज़िक लॉन्च हाल ही में धूमधाम से किया गया। फिल्म में पहली बार नज़र आने वाले नए चेहरे व्योम और साची बिंद्रा अपनी मोहक केमिस्ट्री से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।
क्यूरियस आईज़ सिनेमा के बैनर तले बनी और संजय त्रिपाठी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का ट्रेलर रंगीन और ताज़गी से भरा हुआ है। शुरुआत से ही व्योम और साची की प्यारी जोड़ी दर्शकों को अपनी तरफ खींच लेती है। इसमें हंसी-ठिठोली, परिवार का ड्रामा, पहली मोहब्बत की मीठी कसक और खुद को खोजने का भावनात्मक सफ़र — सब कुछ दिखाई देता है।
इवेंट के दौरान फिल्म का पूरा साउंडट्रैक भी रिलीज़ किया गया। इस फिल्म का संगीत ललित पंडित ने दिया है जो गुजरे ज़माने की मशहूर जोड़ी जतिन ललित के जतिन है।
ट्रेलर में सुनाई दिया गीत “हमनवा” पहले ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। इस ट्रैक को रोमांटिक म्यूज़िक का नया एंथम माना जा रहा है। एल्बम में हल्के-फुल्के, मस्ती भरे गानों से लेकर गहरे इमोशंस से भरे ट्रैक्स शामिल हैं, जो दर्शकों को हर मूड में जोड़ने का वादा करते हैं। शान , उदित नारायण , आकृति कक्कड़ ने इसमें अपनी आवाज़ दी है।
फिल्म में व्योम और साची के साथ-साथ विनय पाठक, कुमुद मिश्रा और चारू शंकर जैसे सशक्त कलाकार भी नज़र आएंगे। फिल्म 12 सितम्बर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
