सिरसागंज। सरस्वती शिशु मंदिर में शिशु वाटिका के नन्हे विद्यार्थियों की माताओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य उदयपाल सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी की जिला महामंत्री शशिकला यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने माताओं को अपने बच्चों की शिक्षा और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी।
मुख्य वक्ता ने कहा कि छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास में माँ की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे जिस वातावरण को घर में देखते हैं, वही उनके स्वभाव और आदतों को आकार देता है। इसलिए माताओं को चाहिए कि वे अपने बच्चों के सामने मर्यादित व्यवहार, संयमित भाषा और सकारात्मक दृष्टिकोण का उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने सलाह दी कि बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतों पर ध्यान दें, उन्हें समय पर भोजन दें। संतुलित आहार में हरी सब्जियाँ और ताजे फल अवश्य शामिल करें और बच्चों की नींद का पूरा ख्याल रखें।
शशिकला यादव ने कहा कि माताएँ बच्चों की हर गतिविधि पर नजर रखे कि वे क्या खेलते हैं, क्या सीखते हैं और किन मित्रों के साथ समय बिताते हैं। पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने के लिए रोज थोड़ी देर उनके साथ बैठें और कहानियों या खेलों के माध्यम से शिक्षा दें। मोबाइल फोन और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को शुरुआत से ही नमस्कार, धन्यवाद, बड़ों का सम्मान और स्वच्छता जैसे संस्कार सिखाना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष सियाराम ध्यानी, भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजोला तोमर, सदस्य रघुवीर सिंह बघेल, समाजसेवी पूनम चतुर्वेदी, सुधा यादव, साधना यादव सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की माताएँ मौजूद रहीं।
Share.
Exit mobile version