फिरोजाबाद। अवैध रूप से संचालित क्लीनिक पर कार्यवाही करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारी बचते नजर आ रहे हैं तो वहीं मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद अवैध क्लीनिक संचालित कर रहे चिकित्सक को नोटिस थमाकर मामले में इतिश्री कर दी गई है।
बताते चलें कि शहर के जलेसर रोड झील की पुलिया के समीप आयुर्वेद चिकित्सक एवरन सिंह अपना निजी क्लीनिक संचालित करते हैं। डॉ0 एवरन सिंह के द्वारा मरीजों का उपचार एलोपैथी पद्धति से किया जा रहा था जिसकी शिकायत के व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर कार्यवाही की मांग की गई थी। शिकायत के क्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ0 के0के0 वर्मा द्वारा जुलाई माह में क्लीनिक का निरीक्षण किया गया तो क्लिनीक पर मौजूद डॉ0 एवरन सिंह पंजीकरण संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाए जिसपर उन्हें नोटिस दे दिया गया। नोटिस मिलने पर डॉ0 एवरन सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कोई दस्तावेज नहीं दिखाए। डॉ0 एवरन सिंह ने नोडल अधिकारी को बताया कि वे आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं तो नोडल अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय आर्युवेद एवं यूनानी अधिकारी को कार्यवाही के लिए पत्र भेजा ।
क्षेत्रीय आर्युवेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 सुनीता पाल द्वारा आयुर्वेद चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया जिसके जवाब में डॉ0 एवरन सिंह ने बताया कि उनका आयुर्वेद विभाग में वर्ष 2023 तक पंजीकरण था लेकिन चिकित्सा अभ्यास न करने के चलते उन्होंने अपना पंजीकरण नवीनीकरण नहीं कराया था। वहीं देखने वाली बात यह है कि जब उन्होंने अपना पंजीकरण नवीनीकरण नहीं कराया था तो वह अपना क्लीनिक कैसे संचालित कर रहे थे। वह दो वर्षों से बिना पंजीकरण क्लीनिक संचालित कर रहे थे लेकिन स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग को इसकी जानकारी कैसे नहीं मिली?
सवाल यह भी है मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद भी सिर्फ नोटिस जारी कर मामले में आगे की कार्यवाही क्यों नहीं की गई है।
क्षेत्रीय आर्युवेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 सुनीता पाल का मामले में कहना है कि वह पिछले कई साल से आयुर्वेद में उपचार नहीं कर रहे थे, यदि उनके द्वारा एलोपैथी पद्धति में मरीजों का उपचार किया जा रहा था तो उस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यवाही की जानी चाहिए। मामले में देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा इस अवैध क्लीनिक के खिलाफ कोई कार्यवाही की जाएगी या पूर्व की तरह इस मामले को दबाने का प्रयास किया जाएगा।
