-विधायक एवं महापौर ने किया राम बारात का शुभारंभ
-मेला-झांकियों को देखने उमड़ी लोगों की भीड़, बारात का जगह-जगह हुआ स्वागत
समय भास्कर, फिरोजाबाद। सुहागनगरी में लेबर कॉलोनी की राम बारात शुक्रवार को धूमधाम से निकल गई। बारात में शामिल झांकियां को देखने रात भर लोगों की भीड़ उमड़ती रही। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर राम बारात का स्वागत किया। कई घरों से आरती की थाल लेकर महिलाएं बाहर आईं और भगवान की आरती उतारी, मानो साक्षात प्रभु उनके द्वार पर आए हों। यह बारात सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं थी, बल्कि यह आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक भी बन गई। इस आयोजन में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
लेबर कॉलोनी में मेला देखने आए लोगों में काफी उत्साह दिखा। लेबर कॉलोनी मैदान में काफी भीड़ रही। रामलीला मैदान में बारात के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं प्रशासन पुलिस बल रामलीला मार्ग पर मुस्तादी से मौजूद रहा।शुक्रवार को धूमधाम से निकाली गई राम बारात देर शाम को चंदवार गेट स्थित पटवारी माता मंदिर से पूजा अर्चना के साथ शुरू हुई। राम बारात का शुभारंभ विधायक मनीष असीजा एवं महापौर कामिनी राठौर ने श्री राम लक्ष्मण स्वरूप की आरती उतार कर किया। राम बारात शोभायात्रा चंदवार गेट स्थित पटवारी माता मंदिर से अग्रवाल धर्मशाला, छपेटी, कोटला मोहल्ला, भोजपुर स्टेशन रोड होती हुई मध्य रात्रि को लेबर कॉलोनी पहुंची।
श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति के द्वारा आयोजित लेबर कॉलोनी रामलीला की राम बारात के कुछ डोले रात्रि 9 बजे लेबर कॉलोनी में पहुंचना प्रारंभ हो गए थे। उसके बाद अन्य झांकियां आती रही। शुक्रवार की मध्य रात्रि तकरीबन 12 बजे भगवान श्री राम का डोला लेबर कॉलोनी पहुंच कर शीतला माता मंदिर स्थित जनकपुरी में भगवान श्री राम और सीता माता का विवाह देर रात संपन्न हुआ। भगवान श्री राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न की झांकी के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जगह-जगह राम बारात को देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।राम बारात में अखाड़े एवं नौजवान तलवारबाजी के कर्तव्य दिख रहे थे। राम बारात में गणेश शंकर पार्वती,राधा कृष्ण, खाटू श्याम, केला मैया, दुर्गा मैया ,हनुमान जी सहित विभिन्न देवी देवताओं की दो दर्जन झांकियां निकली। राम बारात के मार्गो पर विभिन्न तरह की दुकान एवं खाने-पीने के कई ठेले लगते नजर आए।

लेबर कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि यह आयोजन कई वर्षों से होता आ रहा है। इस बार भी इसके लिए विशेष तैयारियां की गईं थीं। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। पूरी बारात यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।शोभायात्रा में श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा,राम बारात संयोजक तरुण दत्त बंसल ,मेला संयोजक सोनू सिंह, मेला प्रभारी मयंक भटनागर, मेला व्यवस्थापक गौरी शंकर शर्मा, रामलीला मंदिर महंत रमेशा नंद गिरि व मंदिर सेवादार श्यामपाल,मनोज दीक्षित, राकेश शंखवार, श्यामू पांडे,लक्ष्मीकांत शुक्ला, कैलाश गोस्वामी,अवधेश अग्रवाल आदि पदाधिकारी एवं अनेक धर्म प्रेमी साथ चल रहे थे।
