फिरोजाबाद में दिनदहाड़े ठगी, सवाल—कब संभलेंगे उपभोक्ता?

अर्जुन मिश्रा

फिरोजाबाद।शहर में एटीएम बूथ अब सुविधा से ज्यादा जोखिम का स्थान बनते जा रहे हैं। थाना उत्तर क्षेत्र में एक ‘मददगार’ युवक ने भरोसे का फायदा उठाकर एटीएम कार्ड बदला और खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में हो गई और पीड़ित को भनक तक नहीं लगी।

तिलक नगर निवासी अश्वनी कुमार शर्मा रुपये निकालने के लिए बाईपास रोड स्थित State Bank of India (एसबीआई) के एटीएम बूथ पहुंचे थे। मशीन से कई बार प्रयास के बावजूद नकदी नहीं निकली तो पास खड़ा युवक अचानक ‘सलाहकार’ बन गया। उसने पहले खाते में बैलेंस न होने का शक जताया। बैलेंस चेक करने पर 40 हजार रुपये मौजूद थे—यानी रकम थी, बस ‘मौका’ तलाशा जा रहा था।

आरोप है कि युवक ने खुद ट्रांजेक्शन करने की बात कहकर कार्ड हाथ में लिया और उसी दौरान असली कार्ड बदल दिया। ऊपर से यह कहकर चलता बना कि कार्ड लॉक हो गया है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग एटीएम बूथ पर अनजान चेहरों पर भरोसा करते रहेंगे?

कुछ देर बाद जब पीड़ित टाउन शाखा पहुंचे, तब तक मोबाइल पर 10-10 हजार रुपये की दो निकासी के संदेश आ चुके थे। यानी ‘मदद’ की कीमत 20 हजार रुपये पड़ी।

थाना प्रभारी अंजीश कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Share.
Exit mobile version