शिकोहाबाद। बिना साइलेंसर की बाइकों को युवा लेकर स्टेशन रोड पर फर्राटा भर रहे हैं। युवाओं के द्वारा बाइकों को लहराते हुए चलाने से अन्य राहगीरों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है। बिना साइलेंसर की बाइकों की आवाज से स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। लोगों ने थानाध्यक्ष से उक्त बाइक चलाने वाले युवकों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।
नगर की स्टेशन रोड पर युवक नये-नये तरीके अपना कर राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। पहले बुलट बाइक से बंदूक की आवाज निकाल कर लोगों को डराते रहते थे, लेकिन अब बिना साइलेंसर की बाइकों को दौड़ा रहे हैं। यह लोग इतनी तेजी और लहराते हुए बाइक चलाते हैं कि पास से गुजरने वाले वाहन चालक दहशत में आ जाते हैं।
इन युवकों द्वारा स्टेशन रोड पर सुबह से शाम तक इस तरह से आतंक मचाया जाता है। जिसे देख कर बुजुर्ग और बच्चे कभी भी इनकी चपेट में आकर हादसे का शिकार हो सकते हैं। लेकिन थाना पुलिस की नजर इन पर नहीं पड़ रही है। इससे इनके हौसले बुलंद हैं। जब कोई स्थानीय व्यक्ति इन्हें रोकता है तो यह युवक उनसे लड़ने को तैयार हो जाते हैं। जिससे कोई भी व्यक्ति उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं दिखाता है। स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस से इन युवकों पर कार्यवाही करने की मांग की है। जिससे लोगों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन किया जा सके।
