जनपद में भव्यता के साथ मनाया गया 77वां यूपी दिवस, प्रदर्शनी में दिखी विकास की झलक

कानून व्यवस्था और बेहतर बिजली-सड़क से निवेश के लिए बना भयमुक्त माहौल

अर्जुन मिश्रा

फिरोजाबाद। जनपद में शनिवार को उत्तर प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उद्यान विभाग के प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और कला का शानदार प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर जोर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ कानून व्यवस्था के कारण समाज में भयमुक्त वातावरण बना है, जिससे निवेश के रास्ते खुले हैं। अब शहरों और गांवों में 22 से 23 घंटे बिजली मिल रही है और रोड कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की उद्यमी नीतियों के कारण आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला (जॉब प्रोवाइडर) बन रहा है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय भी 52 हजार से बढ़कर एक लाख रुपये के पार पहुंच गई है।

प्रदर्शनी में दिखी महिला सशक्तिकरण की झलक: कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई। पर्यटन और उद्योग विभाग ने जिले की औद्योगिक क्षमता को दिखाया, वहीं एनआरएलएम और मिशन शक्ति के स्टॉल्स के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की तस्वीर पेश की गई। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

विकास कार्यों का रखा लेखा-जोखा: मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने जनपद की विकास यात्रा का विवरण देते हुए बताया कि जिले में जलभराव वाली 1200 सड़कों को ठीक किया गया है और सिरसा नदी का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने बताया कि 250 ग्रामीण पुस्तकालयों के माध्यम से 100 बच्चों का प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है। मेयर कामिनी राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी प्रदेश की प्रगति पर विचार व्यक्त किए।

प्रतिभाएं हुईं सम्मानित : इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल में इशिता शर्मा, शिक्षा में मनीष शर्मा और उद्योग के क्षेत्र में मुकेश बंसल, हेमंत अग्रवाल सहित कई उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।

मंच पर रही गरिमामयी उपस्थिति :कार्यक्रम में विधायक प्रेमपाल धनगर, एसएसपी सौरभ दीक्षित, गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मीनारायण यादव, संध्या राजपूत सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया।

Share.
Exit mobile version