फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के गांव नगला सौंठ स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। जनरेटर रूम में सो रहे दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।मृतकों की पहचान जनपद इटावा के थाना वैतपुरा क्षेत्र के गांव रूपपुर निवासी 27 वर्षीय मोहित पुत्र राजेंद्र प्रसाद तथा 23 वर्षीय सागर पुत्र जमंदेल सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक गिर्राज पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे और गुरुवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद जनरेटर रूम में सोने चले गए थे।
बताया गया है कि उस समय जनरेटर चालू था, जिससे कमरे में ऑक्सीजन का प्रवाह बाधित हो गया और दोनों युवकों का दम घुट गया। शुक्रवार तड़के जब दोनों नहीं जागे तो कर्मचारियों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मृत घोषित करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां कोहराम मच गया। बताया गया है कि दोनों युवक अविवाहित थे।
