अक्षय मिश्रा

​फिरोजाबाद। जनपद के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री राज राजेश्वरी मां कैला देवी मंदिर के भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। आगामी फरवरी माह में माता के दर्शन की अभिलाषा रखने वाले श्रद्धालुओं को दस दिनों तक प्रतीक्षा करनी होगी। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, विशेष धार्मिक अनुष्ठान के चलते आगामी 4 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक मंदिर के पट पूरी तरह बंद रहेंगे।

​क्या है ‘अंगराग’ और क्यों बंद रहेंगे पट?

मंदिर के महंत पंडित मदन राज पंत ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद मंदिर में माता का ‘अंगराग’ (चोला परिवर्तन) कार्य संपन्न होने जा रहा है। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार, निरंतर चोला चढ़ाते रहने से सिंदूर की परतें बढ़ जाती हैं, जिन्हें ‘अंगराग’ प्रक्रिया के माध्यम से अत्यंत सावधानी और विधि-विधान से साफ किया जाता है।

​14 फरवरी को होंगे दिव्य दर्शन

इस दस दिवसीय विशेष अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में निरंतर पाठ और शुद्धि का कार्य चलेगा। इस अवधि में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। अनुष्ठान की पूर्णता के पश्चात, 14 फरवरी को विधि-विधान से पूजन और महाआरती की जाएगी, जिसके उपरांत माता के पट आम भक्तों के दर्शन के लिए पुनः खोल दिए जाएंगे।

Share.
Exit mobile version