फिरोजाबाद/खैरगढ़। थाना खैरगढ़ क्षेत्र में लूट के मामले में वांछित एक और लुटेरे को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और लूट के 2650 रुपये बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिगुण विशेन ने बताया कि 3 जुलाई को थाना इरादतनगर, आगरा निवासी नीरज त्यागी पुत्र ओमप्रकाश त्यागी से श्यावरी गांव के बाहर तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बैग व मोबाइल लूट लिया था। इस मामले में एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका था।
23 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि इसी लूटकांड में वांछित अभियुक्त रोबिन उर्फ हूंडी एसजीएम तिराहे के पास छिपा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली रोबिन के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूट के ₹2650 की नकदी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
