फिरोजाबाद।“प्रशासन व्यापारियों के द्वार” विचारधारा के तहत जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक बांके बिहारी गेस्ट हाउस, नगला भाऊ में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के प्रमुख उद्यमियों ने बिजली, सड़क, निर्यात सब्सिडी व उद्योगिक भूमि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 137 हेक्टेयर भूमि (करीब ढाई सौ एकड़) के यूपीडा द्वारा अधिग्रहण किए गए नसीरपुर क्षेत्र में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “इस भूमि पर जनपद के उद्यमी ही अधिकाधिक इकाइयाँ स्थापित करें, जिससे स्थानीय विकास को बल मिलेगा।”
PWD अभियंता की अनुपस्थिति पर सख्ती
बैठक में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (PWD) अतर सिंह के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि वह एक सप्ताह के भीतर संबंधित अभियंता के साथ बैठक कर सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
उद्यमियों की प्रमुख समस्याएं
-
निर्यात सब्सिडी: उद्यमियों ने 13 मई 2022 की नीति के अनुसार मिलने वाली कंटेनर सब्सिडी को पुनः लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले 40 फीट कंटेनर पर ₹20,000 व 20 फीट कंटेनर पर ₹10,000 की सब्सिडी मिलती थी, लेकिन अब यह सुविधा सीमित हो गई है। उन्होंने कम भार वाले कंटेनरों पर भी यह लाभ दिए जाने की मांग की।
-
सड़कों की हालत: मक्खनपुर शहर और ओके ग्लास इंडस्ट्रीज, जिजौली मार्ग की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की गई। जिलाधिकारी ने इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कुछ सड़कों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की विशेष मरम्मत योजना में शामिल कर लिया गया है।
-
फंक्शनल सर्टिफिकेट: उद्यमियों ने यूपीडा से अनुरोध किया कि जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों के फंक्शनल ऑपरेशन सर्टिफिकेट समय पर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
-
डिजाइनिंग केंद्र की मांग: मिनी औद्योगिक आस्थान उसायनी में हैंडीक्राफ्ट डिजाइनिंग लैब एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन केंद्र के लिए भूमि आवंटन में प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने सहयोग का आश्वासन दिया।
-
विद्युत आपूर्ति का मुद्दा: दतौजी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को अब भी ग्रामीण फीडर से बिजली आपूर्ति हो रही है। उद्यमियों ने इसे शहरी फीडर से जोड़ने की मांग की, जिसे जिलाधिकारी ने शासन को प्रस्तावित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में GM DIC, सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, सभी अधिशासी अभियंता (XEN), जिले के उद्यमी एवं अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
