स्कूली वैन चालक से विवाद के बाद बवाल, वटेश्वर मार्ग आधे घंटे रहा जाम
शिकोहाबाद । बुधवार सुबह नसीरपुर थाना क्षेत्र के लांछपुर के पास कांवड़ यात्रा के दौरान हुई झड़प ने गंभीर रूप ले लिया। सोरों से बटेश्वर जा रहे वटेश्वर निवासी कांवड़ियों के जत्थे का स्कूली वैन चालक से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में पांच कांवड़िये घायल हो गए और वटेश्वर मार्ग पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ियों ने पहले स्कूली वैन चालक अनुज यादव (निवासी छरीछप्पर) के साथ मारपीट की। इसके बाद चालक ने अपने गांव से लोगों को बुला लिया, जो लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कांवड़िये अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में सत्यवीर (28), विशाल (13), योगेश (19), नीशू (19) और गिरवर (25) घायल हो गए। सभी घायल बटेश्वर, बाह (आगरा) के निवासी हैं। उन्हें संयुक्त चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने गांव रपड़ी के पास सड़क जाम कर दी। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलते ही नसीरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी के साथ चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मारपीट के आरोप में सुरेश (निवासी कछपुरा), मुरारी (निवासी सुजावलपुर), नरसान और सत्यवीर को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
