फिरोजाबाद। जिले की जसराना थाना पुलिस ने पाढ़म उपडाकघर में करोड़ों रुपये के वित्तीय गबन के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अवधेश सिंह को पाढ़म बस अड्डे से मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में जसराना थाना पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
गिरफ्तार अभियुक्त अवधेश सिंह के विरुद्ध थाना जसराना में मु0अ0सं0 039/26, धारा 409 भादवि के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पाढ़म उपडाकघर में तैनाती के दौरान 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार रुपये का गबन किया था।
मामले का खुलासा 17 जनवरी 2026 को हुआ, जब डाक निरीक्षक शिकोहाबाद ने जसराना थाने में तहरीर देकर तत्कालीन उपडाकपाल अवधेश सिंह पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश सिंह पुत्र सूबेदार सिंह, निवासी मौ वंशी गौरी, थाना कोतवाली, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडे, अजय अवाना एवं रवि कुमार शामिल रहे।
