समय भास्कर,शिकोहाबाद। नगर के सुभाष तिराहा से लेकर स्टेशन रोड तक दोपहर चार से छह के बीच में किशोर और युवा मोडीफाई की हुई बाइकों से सड़क पर फर्राटा भरते हुए दिखाई दे जाएंगे। यह किशोर बाइकों पर स्टंट करते हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस पर कतई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
नगर में किशोर और युवाओं ने अपनी बाइकों के मडकाटर निकाल दिए हैं। जिससे बाइकें को कैसे भी मोड़ा जा सकता है। इन बाइकों पर किशोर और युवक फर्राटा भरते हैं और तेज रफ्तार में उन्हें मोड़ कर भागने लगते हैं। इससे आगे और पीछे से आने वाले वाहन चालकों में सदैव डर बना रहता है। पता ही नहीं चलता कि कब यह बच्चे बाइक को कहां से मोड़ दें। बाइकों पर यह बच्चे स्टंट दोपहर चार से छह बजे के बीच ही करते हैं। इसी बीच कोचिंग पढ़ने वाले बच्चों,बच्चियों की छुट्टी होती है। यह लोग कोचिंग पढ़ने वाली छात्राओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से सड़क पर स्टंट करते हैं। इस संबंध में कई बार पुलिस के अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। लेकिन पुलिस प्रशासन इस तरह के स्टंट करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। जिसकी वजह से इन लोगों के हौसले बुलंद हैं।
स्टेशन रोड पर काफी भीड़ रहती है। इस रोड पर शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आवागमन हर समय बना रहता है। इसके साथ ही भारी वाहनों का भी आवागमन रहता है। एसी स्थित में पुलिस प्रशासन को इस पर कड़ाई से कार्रवाई करते हुए स्टंट करने वाले युवकों और किशोरों पर कार्रवाई करनी चाहिए। अथवा बिना मडकाटर के चलने वाली बाइकों का चालान किया जाए, जिससे यह स्टंट करने वाले बच्चों पर लगाम लग सके और उनके अथवा दूसरे के जीवन को सुरक्षित किया जा सके।
