समय भास्कर,शिकोहाबाद। नगर पालिका द्वारा नगर से कूड़ा एकत्रित करके मैनपुरी रोड स्थित राज नगर के समीप टंचिंग ग्राउंड में एकत्रित किया जाता है। यहां कूढ़े के ढेर एकत्रित हो गए हैं। कूढ़े के ढेर में किसी के द्वारा आग लगा दी गई है। जिससे 24 घंटे सातो दिन यहां से दूषित धुआं उढ़ता रहता है। जिससे आसपास के लोगों को कई प्रकार की बीमारियां हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने पालिका प्रशासन से कूढ़े के ढेर में लगी आग को बुझवाने और दूषित धुआं से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
राज नगर के सैकडों लोगों ने एक शिकायती पत्र लेकर जिलाधिकारी के नाम दिया है। जिसमें लोगों ने कहा है कि पालिका द्वारा कूड़े को एकत्रित कर टंचिंग ग्राउंड में डाला जाता है। यहां कूडे के ढेर एकत्रित हो गए हैं। इन ढेरों में किसी ने आग लगा दी है। जिससे यह कूढे़ के ढेर 24 घंटे और सातों दिन सुलगते रहते हैं। जिससे इनसे उठने वाला दूषित धुआं लोगों को परेशान कर रहा है। आसपास के ग्रामीण इस धुआं से आजिज आ गये हैं। वृद्ध और बच्चों को यह धुआं काफी नुकसान पहुंचा रहा है। बच्चों में इस धुएं के कारण कई तरह की बीमारियां बढ़ रही हैं। वृद्ध लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं धुंआ से घरों की छतों पर कालिख एकत्रित हो रही है। जिससे आम जन बुरी तरह से परेशान है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त धुआं से मुक्ति दिलाने के लिए पालिका प्रशासन को निर्देशित करें। जिससे सैकड़ों लोगों की जान को बचाया जा सके। मांग करने वालों में अंगूरी देवी, चांदनी, रोहिनी, रतनश्री, दिनेश कुमार, श्याम सुंदर, अरुण, विक्रम सिंह, हरीओम सहित लगभग 50 लोग शामिल रहे।
