-देशभर के कलाकार देगें भजन कीर्तन कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ
सिरसागंज। सिरसागंज क्षेत्र को मिली पर्यटन की अनोखी सौगात अब पूरे साल धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार होने वाली है। ग्राम करहरा के सामौर बाबा धाम पर प्रत्येक सोमवार को देश के सुविख्यात कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी। ये सिलसिला पूरे वर्ष चलेगा।
सिरसागंज के ग्राम करहरा में सुप्रसिद्ध सामौर बाबा धाम को यूपी सरकार ने धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया है। इसके बाद वहां श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। इसी को देखते हुए सरकार ने पर्यटक एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं में इजाफा करने का निर्णय लिया है।ट्रस्ट के पदाधिकारी अभय सिंह पिंटू, हाकिम सिंह कुशवाह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भगवान् भोले शंकर की उपासना का विशेष पर्व सावन का महीना चल रहा है। इस वजह से श्रद्धालुओं की संख्या में और भी बढ़ोतरी हुई है। लोग दूर-दूर से आकर बाबा की दिव्य शक्ति का दर्शन और पूजन अर्चन कर रहे हैं। मनौती मांगने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। ऐसे में प्रत्येक सोमवार के दिन विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत की जा रही है,यह श्रृंखला पूरे वर्ष चलेगी।
आने वाले सोमवार से प्रत्येक सोमवार को शाम की आरती के बाद मंदिर परिसर में भजन संध्या और कीर्तन आदि के विषय कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिससे वहां के वातावरण में पूर्णरूप से दिव्यता और मानव कल्याण की भावना मजबूत होगी।ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि ट्रस्ट और प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग ने हर सोमवार को सायं आरती के तुरंत बाद प्रख्यात कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन कार्यक्रम कराये जाने का निर्णय लिया है। इसमें देशभर के कलाकार अपनी-अपनी विधा जैसे भजन, कीर्तन व अन्य भक्तिमय प्रस्तुतियाँ देगें।
प्रस्तुति की अवधि लगभग डेढ से दो घंटे की होगी।यह आयोजन संस्कृति विभाग के सहयोग से मंदिर ट्रस्ट द्वारा आरंभ की गई है,जिससे शाम के समय सामौर बाबा धाम के प्रभावी आभा मंडल में आये हुए श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में रम कर असीम शांति की अनुभूति करें। 11 जुलाई से प्रारंभ हुए श्रावण माह से सामौर बाबा धाम ट्रस्ट और संस्कृति विभाग के सहयोग से ये कार्यक्रम हर सोमवार को आयोजित हुआ करेंगे ।
