शिकोहाबाद। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए दो दोस्तों ने एक प्लान बनाया और दोनों ने एक दूसरे के धर्म के प्रति आपत्ति जनक पोस्ट करना शुरू कर दिया। जब इसकी शिकायत लोगों ने थाना पुलिस को की, तो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उन्हें शांति भंग में निरुद्ध कर दिया।आज कल युवाओं में सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का ट्रेंड चल गया है। लोग घर बैठे एक दूसरे के धर्म , जाति पर टिप्पणी करके खुद को प्रसिद्ध करना चाहते हैं। इसके चलते लोग अनजाने में ही सही गलत राह पर चलने लगते हैं। उन्हें होश तब आता है जब पुलिस उनकी गर्दन पर अपना हाथ रख देती है।
ऐसा ही एक मामला शिकोहाबाद में देखने को मिला। नगर के रुकनपुरा निवासी फरीदी और दिखतौली निवासी रंजीत आपस में दोस्त हैं। इन्होंने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इंटरनेट मीडिया पर एक दूसरे के धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी शुरू कर दी। जिससे दोनों धर्मों के लोग एक दूसरे की पोस्ट पर टिप्पणियां कसने लगे। जिससे सांप्रदायक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती थी। लेकिन पुलिस ने इन दोनों युवकों की इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों पर संज्ञान लिया और दोनों युवकों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सांप्रदायक तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे थे, जिससे उन्हें गिरफ्तार कर शांति भंग में निरुद्ध किया है।
