समय भास्कर सिनेमा डेस्क | मुंबई
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा (DNEG/प्राइम फोकस) के निर्माण में बन रही मेगा-बजट फिल्म ‘रामायण’ के मुंबई प्रमोशनल लॉन्च इवेंट में शनिवार को भारी अव्यवस्था और जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला।
एक तरफ जहाँ इवेंट के मंच पर इंटरनेशनल कंटेंट क्रिएटर मिस्टरबीस्ट (MrBeast – जिमी डोनाल्डसन) की मौजूदगी और उनके गले से ‘जय श्री राम’ के नारे गूंज रहे थे, वहीं दूसरी तरफ बैकस्टेज 4 घंटे से ज्यादा के बेहिसाब इंतजार और पब्लिसिटी टीम की मनमानी के चलते मीडियाकर्मियों का सब्र टूट गया और उन्होंने कार्यक्रम का सामूहिक बहिष्कार (वॉकआउट) कर दिया।
ग्राउंड पर मौजूद हमारे सीनियर जर्नलिस्ट द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक्सक्लूसिव वीडियो फुटेज के आधार पर इस पूरे घटनाक्रम की सिलसिलेवार पड़ताल:
मंच पर MrBeast का भारतीय अंदाज में स्वागत और शिव धनुष पूजन
ऑडिटोरियम के भीतर का माहौल पूरी तरह भव्य रखा गया था। इंटरनेशनल यूट्यूबर जिमी डोनाल्डसन उर्फ मिस्टरबीस्ट इस इवेंट के मुख्य मेहमान बने। फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे लीड एक्टर रणबीर कपूर ने मंच पर पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया।
रणबीर कपूर के कहने पर मिस्टरबीस्ट ने हाथ जोड़कर पूरे जोश के साथ ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया, जिससे पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद रणबीर कपूर ने मंच पर प्रतीकात्मक रूप से शिव धनुष उठाया और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंच पर निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, अभिनेत्री साई पल्लवी और अभिनेता रवि दुबे भी मौजूद रहे।
2 घंटे तक ज़ीरो कम्यूनिकेशन और फ्लाइट लेट होने का बहाना
मंच की इस चकाचौंध के ठीक उलट, बाहर मीडिया लाउंज में हालात लगातार बिगड़ रहे थे। पत्रकारों और कैमरा टीमों को दोपहर 1:30 बजे रिपोर्ट करने का आधिकारिक समय दिया गया था। लेकिन लगभग 2 घंटे बीत जाने के बाद भी आयोजकों की तरफ से देरी या शेड्यूल को लेकर कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। काफी देर बाद यह बात सामने आई कि अमेरिका से आ रहे मिस्टरबीस्ट की प्राइवेट फ्लाइट मिस हो गई थी, जिसके चलते पूरा कार्यक्रम 4 घंटे से ज्यादा पिछड़ गया।
बैकस्टेज भड़का गुस्सा: ‘जिसको जाना है, चले जाओ’
घंटों के थकाऊ इंतजार के बाद जब मीडियाकर्मियों ने इस घोर लापरवाही और कम्यूनिकेशन गैप पर सवाल उठाए, तो स्थिति संभालने के बजाय पीआर टीम के ही किसी सदस्य को कथित तौर पर ऐसा कहते हुए सुना गया कि—“जो लोग इंतजार नहीं करना चाहते, वो जा सकते हैं।”
इस गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव से नाराज होकर पत्रकारों ने हॉल से बाहर निकलना शुरू कर दिया। घंटों के इस हंगामे के बाद, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 1 घंटे चलने वाली थी, वो हड़बड़ाहट में महज 10 से 15 मिनट की औपचारिक खानापूर्ति बनकर सिमट गई। इसमें न तो कोई बड़ी घोषणा हो सकी और न ही आयोजकों की तरफ से इस भारी देरी पर मंच से कोई औपचारिक माफी मांगी गई।
एक्सक्लूसिव वीडियो पड़ताल: स्टार्स पर आरोप खारिज, रणबीर ने खुद संभाला मोर्चा
घटनास्थल पर मौजूद हमारे संवाददाता के कैमरे में रिकॉर्ड हुए एक्सक्लूसिव ग्राउंड वीडियो ने सोशल मीडिया पर उड़ रही उन अफवाहों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि रणबीर कपूर ने मीडिया से तल्खी दिखाई:
-
रणबीर कपूर का शालीन अंदाज: वीडियो फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि रणबीर कपूर बिना किसी सुरक्षा तामझाम या हेकड़ी के खुद बाहर मीडिया के बीच पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर मीडियाकर्मियों को शांत कराया और बेहद शालीनता से कहा कि—“देरी हो गई है, कोई बात नहीं, अब आप सभी अंदर आ ही जाइए।”
-
निर्माता नमित मल्होत्रा की सफाई: फुटेज में निर्माता नमित मल्होत्रा भी खुद मीडिया के सामने खड़े होकर स्थिति स्पष्ट करते दिखे कि मिस्टरबीस्ट की फ्लाइट लेट होने के कारण यह अनपेक्षित देरी हुई।
-
बैकफुट पर दिखा पीआर क्रू: वीडियो के बैकग्राउंड में पीआर और इवेंट क्रू के लोग अफरातफरी के बीच मीडिया को अंदर ले जाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं ।
जब पीआर की संवादहीनता ने बिगाड़ा ऐतिहासिक माहौल
ग्राउंड वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट से यह साफ है कि मीडिया का गुस्सा फिल्म, एक्टर्स या प्रोड्यूसर्स को लेकर नहीं था। यह नाराजगी सीधे तौर पर ग्राउंड पर मौजूद पीआर टीम की संवादहीनता, ढिलाई और मीडिया को ‘टेकन फॉर ग्रांटेड’ समझने के रवैये के चलते पैदा हुई थी।
निर्माताओं ने इंटरनेशनल लेवल पर करोड़ों रुपये खर्च करके भारतीय सिनेमा के इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए माहौल तैयार किया था, लेकिन ग्राउंड लेवल पर पीआर मैनेजमेंट के ऐसे रुख ने आयोजन की साख को ठेस पहुंचाई। यह गनीमत रही कि खुद रणबीर कपूर और नमित मल्होत्रा ने समय रहते सीधे बीच-बचाव कर मोर्चा संभाला, जिसके बाद ही मामला शांत हो सका।
