समय भास्कर संवाददाता
फिरोजाबाद। शहर में होटलों के भीतर चल रही अवैध शराब पार्टियों पर रोक लगाने में पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई होटल रात ढलते ही “ओपन बार” में तब्दील हो रहे हैं, जहां देर रात तक शराब का दौर चलता है और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक थाना रसूलपुर क्षेत्र के कई होटलों में देर रात तक शराब पार्टियां चलना आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही।
निवासियों का कहना है कि सुबह तक होटलों में शराब पीने-पिलाने का सिलसिला जारी रहता है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है, क्योंकि ऐसी गतिविधियां अक्सर अव्यवस्था और विवाद को जन्म देती हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किनके संरक्षण में होटल “ओपन बार” बनते जा रहे हैं और जब सब कुछ खुलेआम हो रहा है तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही हैं।
