फ़िरोज़ाबाद। थाना रिजावली क्षेत्र के गांव नगला पांडेय में एक 10 वर्षीय बालिका की हत्या कर उसका शव बाजरा के खेत में फेंक दिया गया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
गांव नगला पांडेय निवासी देवेंद्र अपनी 10 वर्षीय पुत्री काजल उर्फ कल्लो के साथ रोज की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए गए थे। बुधवार की सुबह वह अपनी बेटी को मोबाइल देकर चाय पीने चले गए। जब वह वापस लौटे तो काजल वहां नहीं थी। उन्होंने काजल के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन वह बंद आ रहा था। परेशान होकर देवेंद्र ने गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर काजल की तलाश शुरू की।तलाश के दौरान, काजल का शव पास के एक बाजरा के खेत में मिला। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगी हुई थी। अपनी बच्ची का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ,एसपी सिटी,सीओ और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और न्याय का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने मृतका के पिता देवेंद्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
