शिकोहाबाद। उच्च प्राथमिक विद्यालय हरगनपुर विकास खण्ड शिकोहाबाद मे तैनात सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यापक के बीच विद्यालय में साफ सफाई को लेकर कहा सुनी हो गई। इस दौरान प्रधानाध्यापक ने सहायक अध्यापक पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने घायल सहायक अध्यापक का मेडिकल कराया है।
हरगनपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मोहन सिंह यादव पुत्र अनेग सिंह निवासी महेश्वरीपुरम थाना शिकोहाबाद सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। वहीं अरविन्द सिंह यादव प्रधानाध्यापक के पद पर हैं। शनिवार सुबह दोनों विद्यालय में थे। इसी दौरान विद्यालय में साफ सफाई को लेकर दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। दोनों में तूतू मैमैं हो गई। जिससे विद्यालय के छात्र-छात्रा तमाशबीन बन गये। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने आक्रोश में आकर सहायक अध्यापक के ऊपर डंडे से हमला कर दिया। झगड़े में सहायक अध्यापक के सिर और शरीर में काफी चोटें आई हैं। झगड़े की जानकारी होते ही माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी स्कूल पहुंच गये। उन्होंने दोनों के बीच समझौता के काफी प्रयास किये। लेकिन घायल मोहन सिंह नहीं माने और उन्होंने थाना नसीरपुर में तहरीर दी। पुलिस ने घायल सहायक अध्यापक का संयुक्त चिकित्सालय में मेडिकल कराया है।
