जसराना। तहसील सभागार में सीडीओ शत्रोहन वैश्य की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में अवैध रुप से कब्जे की एवं पुलिस से संबंधित शिकायतों की अधिकता रही। डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में डॉ. जयंत कुमार ने चकरोड पर अवैध रुप से कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने पूर्व में भी शिकायत दर्ज कराने की बात कही। शीतलपुर निवासी सुनीता ने अंबेडकर पार्क की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध रुप से कब्जा करने का आरोप लगा कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। नगला असन निवासी मानपाल सिंह ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। अकबरपुर कुतकपुर निवासी ग्रामीणों ने विपक्षियों पर रास्ते में घूरा डालने का आरोप लगाया। प्रार्थना पत्र देकर रास्ते से घूरा आदि हटवाए जाने की मांग की।
नगला असन के ग्रामीणों ने गलत तरीके से पोखर के आवंटन का मामला उठाया। संपूर्ण समाधान दिवस में आए हुए शिकायती पत्रों पर सीडीओ ने तत्काल निस्तारित करने के आदेश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में 114 शिकायत प्राप्त हुई। सात शिकायतों का निस्तारण कराया गया। अन्य शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी देहात त्रिगुण बिसेन, उप जिलाधिकारी जसराना राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार अजय कुमार आदि जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
