कफ सिरप मुद्दे पर CM योगी का पलटवार, स्पीकर ने सुनाई ‘चोर-चोर’ की कहानी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कफ सिरप और कोडीन के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाते हुए सदन में शोरगुल किया, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा जवाब दिया। मुख्यमंत्री के ‘देश में दो नमूने’ वाले बयान के बाद सपा विधायकों ने आपत्ति जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोडीन सिरप का उत्पादन उत्तर प्रदेश में नहीं होता। यूपी में कफ सिरप से किसी की मौत नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सबसे बड़े होलसेलर को लाइसेंस सपा सरकार के कार्यकाल में जारी किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “देश में दो नमूने हैं—एक दिल्ली में और एक यहां। दिल्ली वाले जरूरी मुद्दों पर विदेश भाग जाते हैं, यही बबुआ भी करेंगे, लंदन भाग जाएंगे।”
नमूने वाले बयान पर विपक्ष की आपत्ति
मुख्यमंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नेता सदन को अपने पद की गरिमा के अनुरूप शब्दों का प्रयोग करना चाहिए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि बार-बार मौतों की बात की जा रही है, जबकि यूपी में कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने दी ‘चोर-चोर’ की मिसाल
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने किसी व्यक्ति का नाम लेकर ‘नमूना’ शब्द का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने इसे समझाने के लिए ‘चोर-चोर’ वाली कहानी का उदाहरण दिया और कहा कि बिना नाम लिए भी बात का आशय समझा जा सकता है।
यूपी में कफ सिरप का उत्पादन नहीं होता: योगी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नकली दवा से मौत की कोई जानकारी सरकार के संज्ञान में नहीं है। यूपी में केवल कोडीन के स्टॉकिस्ट और होलसेलर हैं, उत्पादन अन्य राज्यों में होता है। उन्होंने कहा कि मौत के मामले तमिलनाडु में बने कफ सिरप से जुड़े हैं।
“बुलडोजर एक्शन भी होगा, फिर चिल्लाना नहीं”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मामला अवैध डायवर्जन और नशे से जुड़ा है। बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के कफ सिरप का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे नेटवर्क के तार सपा से जुड़े लोगों से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 225 अभियुक्त नामजद किए गए हैं और 78 की गिरफ्तारी हो चुकी है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई होगी और कोई अपराधी बचेगा नहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समय आने पर बुलडोजर एक्शन भी होगा।
