जिलाधिकारी ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
शिकोहाबाद। तहसील शिकोहाबाद के सभागार कक्ष में जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस दौरान राजस्व, कानून व्यवस्था, पेंशन, पूर्ति विभाग, नगर पालिका, भूमि कब्जा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले सामने आए। नगला झील शोभापुर निवासी देवेंद्र कुमार ने गांव में आवागमन मार्ग से जुड़ी चकरोड के अधूरे कार्य की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद को स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं सुदामापुरी निवासी विनोद कुमार ने संयुक्त चिकित्सालय में महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति एवं डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिकोहाबाद बस अड्डे स्थित महिला एवं पुरुष रैन बसेरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्युत, पेयजल, रजाई-गद्दे, पलंग की उपलब्धता का जायजा लिया गया। शीत लहर को देखते हुए बस अड्डे पर अलाव एवं गैस हीटर की व्यवस्था पाई गई। अधिकारियों ने गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल भी वितरित किए।
