समय भास्कर संवाददाता | फिरोजाबाद

फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता कुलदीप तिवारी ने जिला कार्यकारिणी में सह कार्यालय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले से जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
कुलदीप तिवारी ने अपने इस्तीफे में लिखा कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं और हमेशा संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का जुड़ाव जनसंघ के समय से ही पार्टी की विचारधारा से रहा है।
उन्होंने जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सह कार्यालय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत कर बड़ा सम्मान दिया गया, लेकिन यह जिम्मेदारी उनके लिए “भारी” साबित हो रही थी, जिसे वह निभाने में स्वयं को सक्षम नहीं पा रहे थे। इसी कारण उन्होंने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
तिवारी ने स्पष्ट किया कि उनके मन में किसी के प्रति कोई नाराज़गी या शिकायत नहीं है, बल्कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए हमेशा सेवा का माध्यम रही है, न कि पद प्राप्त करने का जरिया।
अपने पत्र में उन्होंने वर्तमान राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले विचारधारा सर्वोपरि होती थी, लेकिन अब कई बार पैसा और समीकरण हावी हो जाते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह आज भी स्वयं को एक समर्पित कार्यकर्ता मानते हैं और आगे भी संगठन के लिए काम करते रहेंगे।
कुलदीप तिवारी ने अपने निर्णय को आत्मसम्मान से जुड़ा बताते हुए कहा कि अब वह अपने परिवार और क्षेत्र की सेवा के लिए अधिक समय देना चाहते हैं। उनके इस्तीफे के बाद भाजपा संगठन में आगे की रणनीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Share.
Exit mobile version