1108 कुण्डीय मृत्युंजय महायज्ञ से फ़िरोज़ाबाद बनेगा आध्यात्मिक केंद्र

अर्जुन मिश्रा

फ़िरोज़ाबाद। नगर के राजा ताल क्षेत्र स्थित बच्चू बाबा आश्रम में आयोजित होने जा रहा 1108 कुण्डीय मृत्युंजय महायज्ञ जनपद के इतिहास का एक भव्य एवं दिव्य आध्यात्मिक आयोजन बनने जा रहा है। महायज्ञ को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं और विशाल यज्ञशाला का निर्माण अंतिम चरण में है।

निर्माणाधीन यज्ञ स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में रामदास  महाराज ने बताया कि यह महायज्ञ 06 मार्च से 17 मार्च तक वैदिक मंत्रोच्चार, संत समागम एवं विशेष पूजन के साथ सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।

06 मार्च को प्रातः नांदीमुख श्राद्ध एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ महायज्ञ का शुभारम्भ होगा।
07 मार्च को मातृ शक्ति के नेतृत्व में विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो दोपहर 12 बजे यज्ञशाला स्थल से प्रारम्भ होकर राजा ताल से वैष्णो देवी बाईपास अंडरपास होते हुए पुनः यज्ञशाला पहुँचेगी।

08 मार्च से अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक एवं समाज सुधारक आचार्य मनोज अवस्थी महाराज के मुखारबिंद से रामकथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5:30 बजे तक किया जाएगा। इसी दिन वेदी पूजन, मंडप प्रवेश, यज्ञशाला संस्कार, अरण्य मंथन एवं अग्नि प्राकट्य के साथ आहुतियों का नियमित आरम्भ होगा।

09 मार्च से 15 मार्च तक प्रतिदिन तीन पालियों में हवन, यजमान सहभागिता एवं संत प्रवचन होंगे।
15 मार्च को पूर्णाहुति, 16 मार्च को विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण तथा 17 मार्च को संतों के आशीर्वचन के साथ महायज्ञ का भव्य समापन होगा।

 

Share.
Exit mobile version