एटा विधायक विपिन वर्मा डेविड ने मेधावियों को सराहा
समय भास्कर संवाददाता,एका । नगर पंचायत क्षेत्र के एकमात्र सीबीएसई मान्यता प्राप्त बाबनबारी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक व समस्त स्टाफ ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्र में बाबनबारी इंटरनेशनल स्कूल जिस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों का संचार कर रहा है,वह सराहनीय है। विद्यार्थी कठिन परिश्रम को अपना मूलमंत्र बनाएं, सफलता अवश्य कदम चूमेगी।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राजेंद्र सिंह ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डेढ़ दशक के सफर में यहाँ के दर्जनों छात्रों ने आईआईटी, एनआईटी और नीट जैसी कठिन परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं। साथ ही सैकड़ों विद्यार्थियों ने केंद्र व राज्य सरकार के प्रतिष्ठित विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं में सफलता पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस दौरान प्रबंधक विनोद कुमार, प्रिंसिपल पुष्पेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, बृजभूषण सिंह, अनस अली, संजय कुमार, जयपाल कुशवाह, अवनीश कुशवाह, अनुपम वार्ष्णेय, रेखा यादव, ज्योति यादव, सीता कुमारी, शीतल यादव, साधना बघेल, नीलम, कृष्णा यादव, संगीता, विनय कुमार, ज्ञान कुमार और विकास जैन सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।
