जसराना (फिरोजाबाद)। जसराना क्षेत्र के गांव नगला राजे में लापता डेढ़ वर्षीय बच्ची प्रज्ञा का शव सोमवार तड़के साढ़े चार बजे गांव के तालाब से बरामद होने पर क्षेत्र में कोहराम मच गया। मासूम का शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची प्रज्ञा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अनजाने में तालाब में गिर गई, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए थे। रातभर तालाब में पम्पसेट लगाकर पानी खाली कराया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह साढ़े चार बजे तालाब से बच्ची का शव बरामद किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस हृदयविदारक हादसे को लेकर मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
