फिरोजाबाद। शहर के कोटला रोड स्थित भगवती गार्डन में आगामी 27 जनवरी को ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हिंदू सम्मेलन समिति ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

घर-घर जाकर किया जा रहा जनसंपर्क

शनिवार को समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों में प्रभात फेरी निकाली। रानी नगर, श्रीराम कॉलोनी, कमला नगर और लोधिपुरम जैसे क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। साउंड सिस्टम पर गूंजते ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ लोगों से इस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

कल निकलेगी भव्य बाइक रैली

जनसंपर्क अभियान को और भी प्रभावी बनाने के लिए रविवार को एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया है। यह रैली मंडी समिति से शुरू होगी और दयाल नगर, रानी नगर, टापा खुर्द, रैपुरा समेत कई इलाकों से होते हुए वापस मंडी समिति पर ही समाप्त होगी।

आयोजन का उद्देश्य

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे देश में इस तरह के सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना और संस्कृति के प्रति जागरूक करना है।

संपर्क अभियान में ये रहे मौजूद: इस दौरान विनोद चतुर्वेदी, डॉ. सुनील राठौर, संतोष बघेल, अनिल, बृजेश लाला, केशव, पवन, अजब सिंह, बृजेश गुप्ता और अर्जुन सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version