समय भास्कर, फ़िरोज़ाबाद । भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India – ECI) अपनी एक महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया को सघनता और बारीकी के साथ क्रियान्वित करने में जुटा है, लेकिन फ़िरोज़ाबाद में कुछ बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा इस प्रक्रिया में बाधा डालने और निर्वाचन आयोग की मंशा के विरुद्ध काम करने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
यह मामला विशेष रूप से SIR ( मतदाता सूची शुद्धिकरण/सत्यापन) की तकनीकी प्रक्रिया से जुड़ा है। यह प्रक्रिया केवल नाम और पता भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पिछले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की संख्या, भाग संख्या और क्रम संख्या जैसी जटिल जानकारी को खोजना और भरना होता है, जो सामान्य मतदाता के लिए अत्यंत कठिन है। यह जानकारी वर्ष 2003 के अनुसार भरनी होती है, जबकि तब से निर्वाचन क्षेत्रों में कई बार परिवर्तन हो चुके हैं।
लेबर कॉलोनी, भाग संख्या 165 के मतदाताओं में भारी रोष; BLO नीरज सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल ?
BLO पर अभद्रता और लापरवाही का आरोप
लेबर कॉलोनी, भाग संख्या 165 के BLO, नीरज सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय जनता ने उनकी कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है।
लापरवाही: आरोप है कि BLO नीरज सिंह ने ‘SIR’ के प्रपत्रों को ‘रेवड़ी की तरह’ वितरित कर दिया है।
अभद्रता: जब मतदाता तकनीकी जानकारी (जैसे 2003 के अनुसार भाग संख्या और क्रम संख्या) भरने में असमर्थ होते हैं, तो नीरज सिंह द्वारा उनसे कथित तौर पर अभद्रता की जाती है।
इस तरह की कार्यप्रणाली और BLO के अनुचित व्यवहार के कारण लेबर कॉलोनी, भाग संख्या 165 के मतदाताओं में भारी रोष व्याप्त है।
जिला निर्वाचन अधिकारी से कार्यवाही की मांग
जनता की मांग है कि जिला निर्वाचन अधिकारी को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। मतदाताओं ने BLO नीरज सिंह के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने की मांग की है, ताकि निर्वाचन आयोग की ‘SIR’ प्रक्रिया को सुचारु, सही और सम्मानजनक तरीके से पूरा किया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस तरह की लापरवाही जारी रही तो निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग सकता है।
