वाशिंगटन डीसी। बुधवार को यूटा में एक कॉलेज कार्यक्रम में गोली लगने से मारे गए प्रसिद्ध रूढ़िवादी राजनीतिक टिप्पणीकार चार्ली किर्क के हत्यारे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए दावा किया कि संदिग्ध को उसके एक “बेहद करीबी” व्यक्ति ने अधिकारियों को सौंपा है।यह गिरफ्तारी तब हुई जब एफबीआई ने संदिग्ध की तस्वीरें जारी कर जनता से मदद मांगी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, संदिग्ध ने स्वेच्छा से पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

घटना का विवरण

चार्ली किर्क, जो टर्निंग पॉइंट यूएसए नामक युवा रूढ़िवादी संगठन के संस्थापक थे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक करीबी सहयोगी माने जाते थे, को यूटा वैली विश्वविद्यालय के प्रांगण में एक कार्यक्रम के दौरान गोली मार दी गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें किर्क को माइक्रोफोन पर बात करते हुए अचानक गोली लगने के बाद खून से लथपथ होकर गिरते देखा जा सकता है।इस हत्या ने अमेरिका में राजनीतिक हिंसा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं, जिसकी रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ही दलों के नेताओं ने निंदा की है।

पुलिस को घटनास्थल के पास एक जंगल में एक माउजर .30 कैलिबर बोल्ट-एक्शन राइफल मिली है, जिसकी जांच संघीय प्रयोगशाला में चल रही है।राष्ट्रपति ट्रंप ने किर्क को मरणोपरांत अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित करने की घोषणा की है। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी किर्क के परिवार से मिलने के लिए साल्ट लेक सिटी जाने की बात कही है। वेंस ने सोशल मीडिया पर किर्क के साथ अपनी पुरानी दोस्ती और राजनीतिक योगदान को याद किया।

Share.
Exit mobile version