फिरोजाबाद। जनपद में अवैध मिट्टी खनन को लेकर लगातार मामले सामने आते रहे हैं जिस पर प्रशासन कार्यवाही के दावे भी करता रहा है। जनपद में दूसरे जनपद से भी बड़ी मात्रा में मिट्टी का अवैध परिवहन किया जाता रहा है जिस पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई के दावे भी किए जाते रहे हैं। कुछ समय पहले जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जनपद में दूसरे जनपद से मिट्टी के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था जिससे कुछ समय मिट्टी का परिवहन रुक गया था।
अब पुनः माफिया द्वारा मिट्टी का गोरख धंधा शुरू कर दिया गया है
एटा जनपद से बेखौफ होकर जनपद की तहसील टूंडला के क्षेत्र में लगातार मिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा है जिस पर तहसील प्रशासन की कोई कार्यवाही होती हुई नजर नहीं आ रही है। अभी हाल ही में तहसील प्रशासन ने एक जगह छापा मारकर ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा था जिस पर यह कहावत चरितार्थ नजर आ रही है की छोटो पर करम बड़ों पर रहम
तहसील क्षेत्र में प्रतिदिन रात्रि 12 बजे से लेकर प्रातः 8 बजे तक लगातार मिट्टी के वाहन तहसील के सामने से ही दौड़ते हुए नजर आते हैं लेकिन तहसील प्रशासन के कान में जू नहीं रेंग रही है जिससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है एवं तहसील प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है। देखना है की तहसील प्रशासन या जिला प्रशासन इस माफिया पर कब कार्रवाई करेगा या यह अवैध परिवहन का खेल यूं ही लगातार चलता रहेगा। इस संबंध में उप जिलाधिकारी टूंडला से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका फोन नहीं उठा।
