शिकोहाबाद। थाना पुलिस ने टप्पेबाजी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से टप्पेबाजी कर लूटे गये आभूषण बरामद किये हैं। पुलिस ने दोनों महिलाओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
शुक्रवार को कविता पत्नी विजय निवासी महलोई थाना औछा जिला मैनपुरी रक्षाबंधन पर्व पर ससुराल से अपने मायके कोठी सिरोलिया थाना अरांव के लिए घिरोर से आटो में बैठ कर आ रही थी। उसने अपने और बच्चे के आभूषण एक बैग में रख लिए थे। आटो में बैठी एक महिला व एक लड़की ने रास्ते में वह बैग चोरी कर लिया। जब महिला मैनपुरी चौराहा पर पहुंची तो उसका बैग गायब था। पीड़ित ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की और पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने लगी।
पुलिस ने आरोपित दोनों महिलाओं को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से महिला के बैग में रखे आभूषण जिसमें एक सोने की अंगूठी एक नई और एक पुरानी, एक बच्चे की सोने की अंगूठी, एक पुरानी चांदी की अंगूठी जिस पर कछुआ बना है। बच्चे के चांदी के चंदा सूरज बरामद किये हैं। पुलिस ने पकड़ी गई महिलाओं के नाम भूरी निवासी मीना पाली थाना कनौता जयपुर राजस्थान बताया है। पुलिस ने पक़ड़ी गई दोनों महिलाओं को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
