शिकोहाबाद। युवती से प्रेम विवाह करने के बाद उसका उत्पीडन किया और अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी ना होने पर महिला को पांच वर्ष के बच्चे सहित घर से धक्का देकर निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मलिखानपुर निवासी रामा ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें उसने कहा है कि वर्ष 2018 में उसने प्रेम विवाह इटावा के थाना आयना क्षेत्र के गांव भीतापुर निवासी अखिलेश कुमार के साथ की थी। पति ने शादी के कुछ माह तक तो सही रखा। इसके बाद उसने अतिरिक्त दहेज की मांग की। पीड़िता ने अपने पिता से कह कर पति को 80 हजार रुपये दिलाए। इसके बाद कुछ माह तक सही चलता रहा। इस बीच उसने एक बेटा को जन्म दिया। इसके बाद आरोपित ने पांच लाख रुपये मायके से लाने के लिए कहा।
जब उसने इतने रुपये देने से स्वजनों की असमर्थता जताई तो उसका पति एवं ससुरालीजन उसके साथ मारपीट करने लगे। जब उन्हें पांच लाख रुपये नहीं मिले तो उन्होंने एक दिन शाम को उसे पहने हुए कपड़ों में धक्का मार कर घर से निकाल दिया। धमकी दी कि पांच लाख रुपये लेकर आयेगी, तभी तुझे घर में घुसने दिया जायेगा। अगर बिना रुपये लेकर आई तो जिंदा जला देंगे। उत्पीड़न से तंग आकर किसी तरह वह ससुराल से मायके पहुंची और स्वजनों को पूरी जानकारी दी। लेकिन उसी घर में रहना है, यह जान कर उसने कोई कार्यवाही नहीं की। लेकिन जब उसे पता चला कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है तो उसने थाने में तहरीर दी है। पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
