शिकोहाबाद। नगर में जलभराव की समस्या से लोग लगातार परेशान हैं। हल्की बारिश होते ही तहसील तिराहा से लेकर पक्का तालाब तक सड़कें पानी से भर जाती हैं, जिससे राहगीरों के साथ-साथ कपड़े प्रेस करने वाले ठेलेवाले और खोमचे वालों को भारी दिक्कत होती है। इस समस्या को लेकर बुधवार को शिकोहाबाद के सपा विधायक डॉ. मुकेश वर्मा अपने समर्थकों के साथ दोपहर पौने दो बजे के करीब थाना परिसर के सामने भरे पानी में बैठ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नगरवासियों की समस्या बनी चुनौती
नगर के लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन को बार-बार जलभराव की शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पानी भरने के कारण न केवल ठेले वाले, खोमचे वाले, बल्कि राहगीर और सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले भी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। हल्की बारिश में यह समस्या कई घंटों तक बनी रहती है।
विधायक का आरोप: भ्रष्टाचार और नाला सफाई में लापरवाही
धरने के दौरान विधायक डॉ. मुकेश वर्मा ने नगर पालिका पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नालों की सफाई नहीं की जा रही है, जिससे जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। उन्होंने एसडीएम और नगर पालिका के ईओ को फोन कर समस्या से अवगत कराया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने किसी मीटिंग में व्यस्त होने का हवाला दिया।
एसडीएम ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
इस मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह को हुई, जिन्होंने तुरंत नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर स्थिति नियंत्रण में लाई। एसडीएम ने फोन पर विधायक से वार्ता कर जलभराव की समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
