-उच्चाधिकारियों की अनदेखी व थाने की मिली भगत के चलते जनपद में अवैध खनन का खेल जारी
-जनपद में सरकारी परमीशनों के नाम पर देर शाम से लेकर अलसुबह तक होता है अवैध खनन
समय भास्कर, फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र में मिट्टी और यमुना की बालू का अवैध खनन प्रतिदिन जोरों से चल रहा है। उच्चाधिकारियों की अनदेखी व थाना लाइनपार पुलिस की मिलीभगत के चलते देर रात से अलसुबह तक नयाबास,गुंदाऊ और रूपसपुर,बसई मोहम्मदपुर आदि क्षेत्रों से डंपरों और ट्रैक्टरों में मिट्टी और यमुना की बालू को भरकर अवैध खनन किया जाता है। मिट्टी का अवैध खनन करते दर्जनों ट्रैक्टर थाना लाइनपार पुलिस पिकेट के सामने से लेबर कॉलोनी से होकर रात से सुबह तक तक बेखौफ निकालते रहते हैं।जबकि रात को खनन की अनुमति नहीं है।खनन की परमीशनों पर इन दोनों बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र, खैरागढ़ क्षेत्र, टूंडला क्षेत्र और शिकोहाबाद क्षेत्र में तमाम जगह मिट्टी की खुदाई चल रही है।परमिशन के नाम पर खनन माफिया अवैध रूप से निकल गई मिट्टी और बालू को प्राइवेट जगह पर ऊंचे दाम में बेकते हैं। रात भर में जितने चक्कर हो जाते हैं उससे अवैध खनन की सबसे ज्यादा कमाई होती है। थानों तक को खनन माफिया के द्वारा सेट कर दिया जाता है जिससे थाना पुलिस किसी डंपर या ट्रैक्टर को रोकने के बजाय रात भर इसकी गिनती करती है।सूत्र बताते है कि थाने को खनन माफियाओं के द्वारा प्रति ट्रैक्टर के हिसाब से महीनेदरी पहुंचती है जिससे पुलिस की प्रतिमाह मोटी कमाई होती है।वही खनन माफिया खनन विभाग से सेटिंग कर लेते है।इसीलिए अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। उच्चाधिकारियों और पुलिस का मौन संरक्षण जनपद में धड़ल्ले से अवैध खनन करवाता है।
तहसील सदर क्षेत्र के गांव गुंदाऊ और नयाबास क्षेत्र में मिट्टी और यमुना की बालू का अवैध खनन लंबे अरसे से चल रहा है। बिना किसी अनुमति के यहां रात के समय खनन कर उन्हें शहर के अलग-अलग स्थान पर भेजा जाता है।लेबर कॉलोनी में थाना लाइनपार है। इसके ऊपर से गुजर रहे ओवरब्रिज से रात 11 से सुबह 8 बजे तक ट्रैक्टर आते जाते रहते हैं। कभी-कभी तो दोपहर में भी ट्रैक्टर लेबर कॉलोनी से अवैध खनन की बालू मिट्टी लेकर तेज गति से गुजरते हैं। अवैध खनन करते डंपर ट्रैक्टर इतनी तेजी से लेबर कॉलोनी से निकालकर पुल से होते हुए शहर के ओर जाते हैं। अगर कोई राहगीर,गोवंश इन ट्रैक्टरों की चपेट में आ जाएं तो उन्हें गंभीर चोट आ सकती है। तेज रफ्तार में चलने वाले मिट्टी, बालू से लधे इन ट्रैक्टरों से राहगीरों के साथ दुर्घटना होने की संभावना लगातार बनी रहती है।
लाइनपार क्षेत्र में मिट्टी,बालू का अवैध खनन ग्रामीणों के साथ-साथ लेबर कॉलोनी,दतौजी वासियों के लिए मुसीबत बन गया है। लेबर कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी एवं थाना लाइनपार प्रभारी खनन माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। लेबर कॉलोनी क्षेत्र से मिट्टी एवं बालू के ट्रैक्टर बेखौफ गुजरते रहते हैं। स्थानीय पुलिस इन ट्रैक्टरों को रोकने के लिए लेबर कॉलोनी ओवरब्रिज पर कोई बैरिकेडिंग नहीं बनती,जिससे कि अवैध खनन करते ट्रैक्टरों को पकड़कर इनपर कार्यवाही की जा सके।इस संबंध में एसडीएम सदर सतेंद्र सिंह को फोन किया गया उन्होंने फोन नहीं उठाया। खनन अधिकारी फिरोजाबाद मफतलाल को पांच बार फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। छठवीं बार फोन करने पर उन्होंने फोन रिसीव किया। खनन अधिकारी से अवैध खनन को लेकर वर्जन देने को कहा। उन्होंने कहा कि मैं वर्जन देने के लिए अधिकृत नहीं हूं एडीएम से लो। एडीएम विशु राजा को दो बार फोन लगाया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। डीएम रमेश रंजन को फोन किया वह मीटिंग में व्यस्त थे उनके ऑफिस से फोन उठाया और लाइनपार क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन के बारे में नोट किया।लेबर कॉलोनी और दतौजी के लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन को बंद कराकर खनन माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
