सिरसागंज। स्थानीय प्रवीण विद्यापीठ में शनिवार को आयोजित इंटरहाउस कबड्डी प्रतियोगिता* का माहौल खेल भावना और रोमांच से सराबोर रहा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। इस प्रतियोगिता में कलाम हाउस ने बालक और बालिका – दोनों वर्गों में विजयी होकर डबल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक दीपक जादौन ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, *खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि बच्चों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।”
इसके बाद कोऑर्डिनेटर प्रीति राजपूत ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में कलाम हाउस ने बोस हाउस को 18-5 से हराया। वहीं बालक वर्ग में कलाम हाउस ने रमन हाउस को 44-6 के भारी अंतर से शिकस्त दी। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई और कलाम हाउस की मास्टर मिस इतीशा सिंह को विशेष रूप से बधाई दी गई। प्रतियोगिता का संचालन शारीरिक शिक्षक कर्तिकेय सिंह द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में पूरा कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
