समय भास्कर,जसराना। चरागाह की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान प्रशासन ने ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को नष्ट करा दिया। लेखपाल ने कब्जा करने वालों के खिलाफ तहरीर दी है।तहसील के गांव थना में चरागाह की पांच बीघा जमीन पर अवैध रुप से कब्जा कर उस पर धान की फसल करने की शिकायत एसडीएम को मिली।

शिकायत के बाद लेखपाल द्वारा जांच में शिकायत सही मिलने पर एसडीएम आदेश सिंह सागर ने नायब तहसीलदार ब्रजराज सिंह,लेखपाल मनोज यादव और फरिहा पुलिस को जमीन को कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया। निर्देश मिलने पर टीम गांव में पहुंची। टीम को देख कब्जा करने वालों ने विरोध करना शुरु किया तो पुलिस की सख्ती देख खुद ही फसल को काटना शुरु कर दिया। वहीं प्रशासन ने ट्रैक्टर चलाकर खड़ी धान की फसल को नष्ट करा दिया। लेखपाल राहुल उपाध्याय ने अवैध रूप से कब्जा करने के सात आरोपियों के खिलाफ थाना फरिहा में तहरीर दी है। वहीं थाना जसराना के गांव नगला मानसिंह में चल रहे रास्ते के विवाद को पुलिस की मौजूदगी में राजस्व टीम ने निपटाया।

Share.
Exit mobile version