शिकोहाबाद। नगर के मुहल्ला कटरा मीरा में गली में पोल ना होने के कारण घरों को जा रही केबिलें जमीन पर पड़ी हैं। जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर विरोध व हंगामा किया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शीघ्र केबिलें व्यवस्थित नहीं की तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
विद्युत विभाग द्वारा कटरा मीरा मुहल्ला की एक गली में लगभग 35 घर हैं। जिन्हें विभाग द्वारा कनेक्शन दिये गये हैं। गली में कोई पोल ना होने के कारण काफी दूर से केबिलें खींच कर लोग घरों तक लाए हैं। अभी तक केबिलें एक घर की छत पर बांस ऱख कर उनसे बांध दिया था। लेकिन दो दिन से मकान स्वामी द्वारा काम कराये जाने के कारण सभी केबिलों को बांस से हटा दिया है। जिसकी बजह से सभी केबिलें सड़क पर झूल रही हैं। ज्यादातर केबिलों में कट लगे हुए हैं, जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसी को लेकर बुधवार सुबह गली के लोग एकत्रित हो गए और विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने स्मार्ट मीटर भी लगवा दिए, लेकिन केबिलें नहीं बदली हैं। पुरानी केबिलों पर ही स्मार्ट मीटर लगवा दिये हैं। इतना ही नहीं केबिलों को बांधने के लिए कोई पोल भी नहीं है। चेतावनी दी अगर शीघ्र जमीन पर छू रही केबिलों को व्यवस्थित नहीं किया गया तो लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
