अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी। सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी वितरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को चॉकलेट बांटी। साथ ही नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया है।
वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है।मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को भी सीएम योगी ने सम्मानित किया।इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की भी घोषणा की गई है। सरकार के इस फैसले को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
बता दें कि यूपी में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका गांव/मोहल्ले के स्तर पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के लिए सरकार की पोषण और बाल विकास योजनाओं को लागू करने का काम करती हैं।
बच्चों को प्री-स्कूल शिक्षा और शुरुआती सीखने की गतिविधियां कराना।
गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना।
बच्चों और महिलाओं को सरकार की योजनाओं के तहत मिलने वाला पोषण आहार उपलब्ध कराना।
टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में आशा के साथ समन्वय करना।
जन्म, बच्चों के पोषण और आंगनवाड़ी केंद्र से संबंधित रिकॉर्ड और रजिस्टर/डिजिटल डाटा बनाए रखना।
गांव में पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाना।
