शिकोहाबाद। नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव अतापुर में गाली देने से मना करने पर लोगों ने एक व्यक्ति और उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। महिला के सिर में डंडा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतापुर निवासी सोनवीर का कहना है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे उसके गांव के रहने वाले कुलदीप, आशा, जगन्नाथ और अनामिका आए और उसे गाली देने लगे। जब उसने गाली देने से मना किया तो उक्त चारों लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुन कर उसकी मां बचाने आई तो उक्त लोगों ने उसे भी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। जिसमें उसके गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर कुलदीप, आशादेवी, जगन्नाथ और अनामिका के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
